कमलेश पाण्डेय कृत पूर्वांचल के ब्रह्म वंशज विमोचन

बस्ती। शनिवार को  प्रेस क्लब सभागार में पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। साहित्यकार कमलेश पाण्डेय कृत  पुस्तक पूर्वांचल के ब्रह्म वंशज का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पं. अशोक शुक्ल ने पुस्तक में संकलित ब्राह्मण के उत्पत्ति के इतिहास को नई पीढ़ी के अनुकरणीय बताया।
उन्होंने कहा कि अपने धर्म, जाति और देश के प्रति सभी को प्रेम होना चाहिए। साहित्य जगत के लोग ही समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। साहित्यकार कमलेश पांडेय व्यस्त जीवन और विषम परिस्थिति में रहते हुए भी पूर्वांचल के ब्रह्म वंशज नामक पुस्तक की उत्कृष्ट रचना की है। इसमें ब्राह्मणों की उत्पत्ति का संपूर्ण इतिहास संजोने का अनोखा प्रयास किया गया है। इससे नई पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। आज के भौतिकवादी दौर में हम अपने कुलीन पंरपरा और पुरखों को भूलते जा रहे हैं। नई पीढ़ी के लोग अपने गोत्र तक नहीं जान पा रहे हैं। ऐसे में यह पुस्तक हमें अपने संस्कार और कुलीनता का बोध कराएगी। पुस्तक में ऋषि परंपरा से लेकर ब्राह्मणों के विस्तार का पूरा उल्लेख किया गया है। उन्होंने एक हजार पुस्तक के वितरण का आर्डर भी किया है। विशिष्ट अतिथि ब्राह्मण महासभा के महामंत्री ने भी कमलेश की कृति की सराहना की। उन्होंने पुस्तक के प्रसार पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन आदर्श शिक्षक सर्वेष्ट मिश्र ने किया। अंत में साहित्यकार कमलेश पांडेय ने सभी के प्रति आभार जताया। इस मौके पर प्रदीप चंद्र पाण्डेय, पुनीत ओझा, विनोद उपाध्याय, अवधेश तिवारी, करूणेश पांडेय रिंकू आदि मौजूद रहे।