वन विहार बस्ती में भीषण आग से हड़कंप, वन क्षेत्र चपेट में… कारण अब भी रहस्य
बस्ती। वन विहार बस्ती में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने वन क्षेत्र के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय वनाधिकारी रामनगर सोनल वर्मा, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी बस्ती राजकुमार, उड़ाका दल एवं बस्ती रेंज की पूरी टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं स्थानीय राहगीरों ने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और फायर विभाग को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और वन विभाग, पुलिस टीम व स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया।
प्रभागीय वन निदेशक डॉ. शिरीन ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की जांच कराई जा रही है। वन सुरक्षा कर्मी और विभागीय अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वन विहार बस्ती में इतनी भीषण आग लगी कैसे?