*मिशन शक्ति फेस-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान संपन्न*
अम्बेडकरनगर।उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेस-5 (द्वितीय चरण)” के क्रम में पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में थाना बेवाना, इब्राहिमपुर, हंसवर, जहागीरगंज, मालीपुर, बसखारी एवं कटका क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा बाजार, विद्यालय, ग्राम चौपाल एवं सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1930, 1076, 102, 108 एवं यूपी-112 के संबंध में जागरूक करते हुए किसी भी आपात स्थिति में इनका उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
थाना हंसवर क्षेत्र के ग्राम सेमरा नसीरपुर में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया, वहीं थाना मालीपुर क्षेत्र में मदरसा एवं रेलवे स्टेशन परिसर में बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई। थाना बसखारी व कटका क्षेत्र के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया।
इस अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है।