एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी की मेहनत फिर लाई रंग

एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी की मेहनत फिर लाई रंग

 

*मार्च माह में IGRS निस्तारण में जिले में तहसील नानपारा ने पाया प्रथम स्थान*

 

बहराइच। जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा को ज़मीन पर उतारते हुए तहसील नानपारा निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। मार्च माह में भी IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में तहसील नानपारा ने जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस सफलता के पीछे एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी की कड़ी मेहनत, पारदर्शी कार्यशैली और सकारात्मक नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एसडीएम प्रतिदिन अपने कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराती है वे जहाँ भी कार्यरत रहती हैं, अपनी लगन, ईमानदारी और कार्य के प्रति समर्पण से जनता और उच्चाधिकारियों का विश्वास जीत लेती हैं।

प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री द्वारा जनशिकायतों के शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए, एसडीएम नानपारा ने तहसील प्रशासन के साथ मिलकर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी और परिणामदायी बनाया है। तहसील प्रशासन नानपारा की इस उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि निरंतर प्रयास, बेहतर समन्वय और मजबूत नेतृत्व से प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है। इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र के लोगों एवं अधिकारियों द्वारा एसडीएम मोनालिसा की सराहना की जा रही है।

वहीं इस सफलता पर एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय तहसील के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग और समर्पण को दिया तथा भविष्य में और बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।