*जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला का रुकुनुद्दीनपुर गोवंश आश्रय स्थल पर आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
*लू से बचाव हेतु जूट के बोरे व सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश, गोवंशों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर जोर*
अंबेडकरनगर।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल, रुकुनुद्दीनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण पंजिका का अवलोकन करते हुए आश्रय स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान हरे चारे, भूसे, स्वच्छ पेयजल तथा बढ़ती गर्मी एवं लू से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की विशेष रूप से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के समय आश्रय स्थल में कुल 146 गोवंश संरक्षित पाए गए तथा सभी चार केयर टेकर उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को नियमित बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए गोवंशों को लू से बचाने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी से समन्वय स्थापित कर सभी आश्रय स्थलों में शेड के किनारों पर जूट के बोरे लगाए जाएं, जिससे तापमान नियंत्रित रखा जा रहे। इस अवसर पर उपस्थित उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा बीमार गोवंशों को अलग रखते हुए उनकी विशेष देखभाल की जाए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सभी निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने के निर्देश भी दिए, जिससे रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित रहे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गोवंशों के संरक्षण एवं उनकी समुचित देखभाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें।