बस्ती में लारेल्स इंटरनेशनल प्री स्कूल का भव्य शुभारंभ
बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने फीता काटकर किया उद्घाटन
बस्ती। शहर के आवास विकास क्षेत्र में बच्चों की आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लारेल्स इंटरनेशनल प्रीस्कूल’ का भव्य शुभारंभ रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर इंदिरा चैरिटेबल सोसाइटी के सीईओ अजय कुमार पांडेय विशिष्ट अतिथि तथा विद्यालय के डायरेक्टर आयुष ओझा उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि पांडेय ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि अनूप कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में विद्यालय के आधुनिक ढांचे एवं शिक्षण पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संस्थान छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। विशिष्ट अतिथि अजय कुमार पांडेय ने भी इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में इसे एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज के विकास की नींव है। कार्यक्रम के दौरान तायक्वोंडो खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। साथ ही विद्यालय के मेधावी छात्रों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय के डायरेक्टर आयुष ओझा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को केवल साक्षर बनाना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। अंत में प्रधानाचार्या निधि पांडेय ने सभी अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।