क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले एमएलसी सुभाष यदुवंश….
बस्ती। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश
ने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उनका मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
भेंट के दौरान माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्षेत्र की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं के संबंध में अवगत कराने की जानकारी दी गई। विशेष रूप से जनपद बस्ती के अंतर्गत “लालगंज–बिरितिया वाया बानपुर मार्ग” के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा आस्था के प्रमुख केंद्र भदेश्वर नाथ शिव मंदिर को श्रीराम जानकी मार्ग (एनएच-227) से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बताया गया कि इन परियोजनाओं से संबंधित अधिकांश प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं और अब इनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए वित्तीय स्वीकृति अपेक्षित है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया गया। प्रस्तावित मार्ग के निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र की आस्था के केंद्र भदेश्वर नाथ शिव मंदिर के भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए भी पत्र सौंपकर आग्रह किया गया। प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण से मंदिर परिसर का समुचित विकास होगा, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में इसकी पहचान और सुदृढ़ होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तुत प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात भी कही, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास, सुगम यातायात व्यवस्था एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।