क्रिकेटर शुभम पाण्डेय की पहल पर चन्दोखा में शुरू हुआ सड़क निर्माण

क्रिकेटर शुभम पाण्डेय की पहल पर चन्दोखा में शुरू हुआ सड़क निर्माण

बस्ती। क्रिकेटर शुभम पाण्डेय की पहल पर रामनगर विकास खण्ड के चन्दोखा गांव में बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। लंबे समय से जर्जर सड़क और खराब आवागमन की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह खबर बड़ी राहत देने वाली है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।

बताया जा रहा है कि इस कार्य के पीछे स्थानीय क्रिकेटर शुभम पाण्डेय की अहम भूमिका रही है, जो लगातार अपने गांव चन्दोखा के विकास को लेकर प्रयासरत रहते हैं। उनकी पहल और सक्रियता के चलते यह मुद्दा जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा और आखिरकार सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने भी इस मामले में अपनी प्रतिबद्धता दिखाई और लक्ष्मी पूजा के अवसर पर सड़क निर्माण का वादा किया था। वादे के तुरंत बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क की नपाई करवाई थी, जिससे निर्माण कार्य में देरी न हो। अब उनका यह वादा धरातल पर उतरता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सुविधाओं में भी सुधार आएगा। बच्चों को स्कूल जाने में आसानी होगी और बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचने में कम समय लगेगा।