दिव्यांग बच्चों के परिवार को मूलभूत सुविधाएं मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने जताया डीएम का आभार
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। नगर पंचायत स्थित भगत सिंह नगर वार्ड भैरोपुर के चार दिव्यांग बच्चों के परिवार को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने जिलाधिकारी को कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों के प्रति उनके द्वारा प्रस्तुत संवेदनशीलता का आदर्श लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इस परिवार की स्थिति का सबसे पहले संज्ञान लेते हुए 15 मार्च 2024 को गुड़िया पाण्डेय को नगर पंचायत अध्यक्ष के विवेकाधीन कोष से पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया था। इसके बाद भी समय-समय पर परिवार को कपड़े और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर सहयोग किया जाता रहा।
उन्होंने बताया कि परिवार को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभासद, नगर पंचायत प्रशासन तथा संबंधित राजस्व कर्मियों को जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी। अब जिलाधिकारी की पहल से परिवार को कांशीराम आवास, राशन कार्ड, पेंशन, गैस कनेक्शन और बच्चों की पढ़ाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे परिवार को काफी राहत मिलने की बात कही गई है।

श्रीमती राना ने इस प्रकरण को शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाने तथा परिवार की मदद के लिए आवाज उठाने वाले मीडिया कर्मियों और सहयोग करने वाले समाजसेवियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ पहुंचना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।