हज यात्रियों के लिए चिकित्सा जांच और टीकाकरण अनिवार्य, अदाही के लिए 23 मार्च तक विकल्प चुनने का अंतिम अवसर

हज यात्रियों के लिए चिकित्सा जांच और टीकाकरण अनिवार्य, अदाही के लिए 23 मार्च तक विकल्प चुनने का अंतिम अवसर

लखनऊ हज यात्रा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए राज्य हज समिति के सचिव एस.पी. तिवारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार सऊदी अरब सरकार के हज मंत्रालय की गाइडलाइंस के तहत सभी हज यात्रियों के लिए चिकित्सा जांच और टीकाकरण अनिवार्य कर दिया गया है। यह व्यवस्था भारत के बाहर निवास कर रहे भारतीयों पर भी समान रूप से लागू होगी।उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से चिकित्सा परीक्षण कराकर फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। वीजा जारी होने की अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए यह प्रक्रिया 18 मार्च 2026 तक पूर्ण करना आवश्यक है। टीकाकरण यात्रा की तिथि से 10 दिन पूर्व तक कराया जा सकता है।विदेशों में रह रहे भारतीय हज यात्री अपने निवास देश में सरकारी या निजी स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सा जांच कराकर उसका प्रमाण पत्र संबंधित राज्य हज समिति को उपलब्ध कराएं। वहीं टीकाकरण भारत में भी कराया जा सकता है। चिकित्सा जांच और टीकाकरण पर होने वाला समस्त व्यय यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा। सभी यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना मूल स्वास्थ्य कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा।इसके साथ ही हज कमेटी द्वारा जारी एक अन्य परिपत्र के अनुसार सऊदी अरब सरकार ने अदाही (कुर्बानी) की व्यवस्था को भी अनिवार्य रूप से ऑनलाइन कर दिया है। अब जानवरों की कुर्बानी की खरीद केवल नुसुक गसार पोर्टल के माध्यम से ही की जा सकेगी।ऐसे हज यात्री जिन्होंने अभी तक अदाही का विकल्प नहीं चुना है, उन्हें 23 मार्च 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने लॉगिन के माध्यम से यह विकल्प चुनने का अंतिम अवसर दिया गया है। राज्य हज निरीक्षक भी इस विकल्प का चयन कर सकते हैं, जिसका व्यय उन्हें स्वयं वहन करना होगा।इन निर्देशों का उद्देश्य हज यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमबद्ध बनाना है, ताकि सभी यात्री बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें।

————