युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर, उद्योग स्थायी समिति की बैठक में मंत्री राकेश सचान के निर्देश
लखनऊप्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, वस्त्रोद्योग एवं हथकरघा मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में विधान भवन स्थित कक्ष संख्या-80 में उद्योग स्थायी समिति की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों और विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।बैठक के दौरान पिछली बैठक के कार्यवृत्त की अनुपालन आख्या पर विचार किया गया। मंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंकों को अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को बिना किसी अनावश्यक बाधा के योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि योजना की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जबकि राज्य स्तर पर बैंकों के साथ साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति पर नजर रखी जा रही है।मंत्री सचान ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए योजना के लक्ष्यों और आवेदनों का तहसीलवार विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला उद्योग बंधु की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में यह भी बताया गया कि योजना के अंतर्गत जिला सहकारी बैंकों को शामिल करते हुए उन्हें लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है और अधिकांश मामलों में ऋण वितरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।युवाओं को अधिक से अधिक योजना से जोड़ने के लिए मंत्री ने तहसील स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। जानकारी दी गई कि अब तक 87 तहसीलों में 165 शिविर आयोजित कर 12,959 लाभार्थियों को जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा “मुख्यमंत्री युवा सम्मेलन एवं प्रदर्शनी” के माध्यम से युवाओं को नवाचार आधारित व्यवसायिक अवसरों से भी जोड़ा जा रहा है।बैठक में औद्योगिक पार्कों में भूमि उपलब्धता, एमएसएमई पार्कों के विकास और औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने इन प्रकरणों में जिलाधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। “सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक एवं रोजगार क्षेत्र” योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें विभिन्न जनपदों में औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित किए जाने की जानकारी दी गई।मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए औद्योगिक विकास के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।बैठक में विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विकास गुप्ता, श्याम सुन्दर, राम अचल राजभर, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी खादी ग्रामोद्योग शिशिर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।