धार्मिक जुलूस के दौरान युवक की मौत: 33 हजार वोल्ट लाइन से टकराया झंडा, हौदेश्वर नाथ धाम जा रही थी यात्रा
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र में सोमवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना कुंडा के महुआतार क्षेत्र की है। जहां युवक धार्मिक झंडा लेकर लोगों के साथ हौदेश्वर नाथ धाम जा रहा था, तभी 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरविंद सोनी के रूप में हुई है। कुंडा के महुआतार (नरसिंहगढ़) निवासी रामबाबू सोनी के घर से सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हौदेश्वर नाथ धाम के लिए धार्मिक ‘निशान’ (झंडा) उठाया गया था। जुलूस में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। हाथ में निशान का डंडा लिए चल रहे अरविंद कुमार सोनी (35) का झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। झटका इतना जोरदार था कि युवक बुरी तरह झुलस कर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे आनन-फानन में उठाकर सीएचसी कुंडा ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पिता श्यामलाल, मां पार्वती और पत्नी कोमल सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों, तीन वर्षीय कार्तिक और एक वर्षीय स्वास्तिक को छोड़ गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई और सांत्वना
हादसे की खबर मिलते ही कोतवाली प्रभारी मनोज पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ‘राजा भैया’ के प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार तिवारी ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।