खलीलाबाद ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा

खलीलाबाद ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा

 

लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से गांवों में कराए जाएंगे विकास कार्य – नित्यानंद

 

 

जितेन्द्र पाठक

 

#संतकबीरनगर जनपद के खलीलाबाद विकासखंड सभागार में सोमवार सुबह 10 बजे ब्लॉक प्रमुख प्रमिला देवी के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद ने की, जिसमें ग्राम स्तर पर चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंकुर राज तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद ने बताया कि खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र की सभी ग्राम सभाओं में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में विकास कार्य अधूरे हैं या लंबित पड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा ताकि क्षेत्र की जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में सड़क, नाली, खड़ंजा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी बैठक में रखीं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक के कई जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना बताया गया।