नगर पंचायत मगहर में ‘कबीर डेंटल क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ

नगर पंचायत मगहर में ‘कबीर डेंटल क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ

 

 

मुख्य अतिथि डॉ. अयूब ने फीता काटकर किया उद्घाटन, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित क्लिनिक से क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। नगर पंचायत मगहर स्थित शीशे वाली मस्जिद के सामने शनिवार को ‘कबीर डेंटल क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं खलीलाबाद सदर के पूर्व विधायक तथा प्रख्यात सर्जन डॉ. अयूब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर क्लिनिक का उद्घाटन किया और क्षेत्रवासियों को इस नई स्वास्थ्य सुविधा के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान क्लिनिक की संचालिका डॉ. अफसाना खातून और उनके वालिद फिरोज खान ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का बुके और माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

 

अपने संबोधन में डॉ. अयूब ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समाज के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दांतों का स्वास्थ्य पूरे शरीर के स्वास्थ्य से सीधा संबंध रखता है, इसलिए लोगों को नियमित जांच और उचित उपचार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने डॉ. अफसाना खातून को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह डेंटल क्लिनिक क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

वहीं क्लिनिक की संचालिका डॉ. अफसाना खातून ने बताया कि संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए दांतों की देखभाल बेहद जरूरी है। समय-समय पर दांतों की सफाई और जांच से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि क्लिनिक में टेढ़े-मेढ़े दांतों को सीधा करने की सुविधा, सड़े हुए दांतों को आधुनिक तकनीक से बिना दर्द के निकालने की व्यवस्था तथा नए कृत्रिम दांत बनाकर लगाने की सुविधा उपलब्ध है।

 

उन्होंने बताया कि ‘कबीर डेंटल क्लिनिक’ हाईटेक उपकरणों से सुसज्जित है। अब तक क्षेत्र में इस स्तर की आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण लोगों को छोटे-छोटे उपचार के लिए बाहर जाना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। भविष्य में दांतों से संबंधित जटिल रोगों के उपचार की भी व्यवस्था की जाएगी।

क्लिनिक के शुभारंभ से मगहर और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि यह डेंटल क्लिनिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर एक नई मिसाल कायम करेगा।