परिवार परामर्श केंद्र की पहल से तीन परिवारों में सुलह, टूटने से बचे रिश्ते

परिवार परामर्श केंद्र की पहल से तीन परिवारों में सुलह, टूटने से बचे रिश्ते

बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में सामाजिक रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के क्रम में पुलिस कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र ने तीन परिवारों के आपसी विवादों का समाधान कराते हुए उनमें सुलह कराई।

पारिवारिक विवादों के संबंध में पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए परिवार परामर्श केंद्र को निर्देशित किया गया था। केंद्र की टीम ने शिकायतकर्ता पक्ष की समस्याओं को विस्तार से सुनने के बाद दूसरे पक्ष से संपर्क किया और दोनों पक्षों को पुलिस कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र पर बुलाया।

परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों की बात सुनकर उन्हें पारिवारिक जीवन में आपसी समझ, सामंजस्य और जिम्मेदारियों के महत्व को समझाया। समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद समाप्त कर भविष्य में लड़ाई-झगड़ा न करने तथा पारिवारिक दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करते हुए खुशी-खुशी साथ रहने पर सहमति जताई।

सुलह होने के बाद परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने तथा भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर आपसी बातचीत से समाधान निकालने की सलाह दी। पुलिस की इस पहल से तीन परिवारों को टूटने से बचाने में मदद मिली।

समझौता कराने वाली टीम में हेड कांस्टेबल संगीता यादव, महिला आरक्षी गिरजावती, महिला आरक्षी अनन्या सिंह और महिला आरक्षी निशी त्रिवेदी शामिल रहीं।