तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं जनशिकायतें
बहराइच। शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में जिलाधिकारी बहराइच राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराते हुए नियमानुसार और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारित प्रार्थना-पत्रों की आख्या भी निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान गंभीर एवं जटिल प्रकृति की कुछ शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी गईं। टीमों को स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने तथा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।