मध्यस्थता के माध्यम से होगा विवादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान
“राष्ट्र के लिये मध्यस्थता अभियान 3.0’’ एक अभिनव पहल
बहराइच 19 सितम्बर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच द्वारा आमजन को त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “राष्ट्र के लिये मध्यस्थता अभियान 3.0” के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं मध्यस्थता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन स्तर के ऐसे विवादों को मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति से निस्तारित कराना है, जिनमें पक्षकारों के मध्य संवाद एवं समझौते की संभावना विद्यमान है।
सचिव श्री यादव ने बताया कि इसके लिए पक्षकारों को मध्यस्थता की प्रक्रिया, उसके लाभ तथा आपसी सहमति से विवाद के समाधान की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही, न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों को चिन्हित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिनका समाधान पक्षकारों की सहमति से मध्यस्थता के माध्यम से संभव है। अभियान के अंतर्गत पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, सेवा विवाद, शमनीय अपराधिक मामले, उपभोक्ता मामले, वाणिज्यिक एवं सेवा संबंधी विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति बटवारा संबंधी विवाद, बेदखली, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित किए जाने हेतु चिन्हित किया जा रहा है।
सचिव ने बताया कि मध्यस्थता प्रक्रिया में पक्षकारों को अपनी बात स्वतंत्र रूप से रखने का अवसर मिलता है तथा प्रशिक्षित मध्यस्थ द्वारा दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से समाधान तक पहुंचने में सहायता भी की जाती है। इससे समय एवं धन की बचत होने के साथ-साथ पक्षकारों के मध्य संबंधों को बनाए रखने में भी सहायता मिलती है। श्री यादव द्वारा वादकारियों को सुझाव दिया गया है यदि उनका कोई विवाद न्यायालय में लंबित है और वे आपसी सहमति से उसका समाधान चाहते हैं, तो वे संबंधित न्यायालय में लंबित अपने मामलों को मध्यस्थता केंद्र में संदर्भित कराकर आपसी विवाद को समाप्त कराने के प्रयास हेतु अपनी सहमती दे सकते हैं अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच से संपर्क कर मध्यस्थता के माध्यम से विवाद के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का लाभ उठा सकते हैं।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः