नंदलाल गुप्ता के नेतृत्व में राधाष्टमी महोत्सव में भक्ति के रंग में रंगा मोदनवाल समाज

 

51 किलो दूध से हुआ अभिषेक, 25 प्रतिभाओं को मिला ‘मोदनवाल गौरव’ सम्मान; 21 जोड़ों ने निभाई यजमान की भूमिका

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रायगंज स्थित कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई (मोदनवाल) पंचायती मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के साथ धूमधाम से मनाया गया। मोदनवाल समाज के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के आयोजक नंदलाल गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ समाज की प्रतिभाओं और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर राधा-कृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा।
विधि-विधान से हुआ पूजन और अभिषेक महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्रीराम-जानकी, लक्ष्मण, हनुमान जी, राधा-कृष्ण एवं शालिग्राम भगवान के विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद 51 किलो दूध से भगवान का भव्य अभिषेक कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 21 जोड़ों ने यजमान के रूप में सहभागिता की और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर समाज व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि विधायक वेद प्रकाश गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि मोदनवाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्य का 51 किलो फूलों की माला पहनाकर अभूतपूर्व स्वागत किया गया। अतिथियों ने मंदिर में माथा टेककर राधारानी और श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में संस्कार और एकता की भावना मजबूत होती है। प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्य ने कहा कि प्रतिभाओं और समाजसेवियों के सम्मान से नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
25 प्रतिभाओं को मिला ‘मोदनवाल गौरव सम्मान’
शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 25 प्रतिभाशाली व समाजसेवी महानुभावों को ‘मोदनवाल गौरव सम्मान पत्र’ से नवाजा गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय महामंत्री चिरोंजी लाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हिरन बाबू, प्रदेश महामंत्री ज्ञान प्रकाश, प्रदेश मंत्री मक्खन लाल, सुल्तानपुर जिलाध्यक्ष अनिल मोदनवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम मोदनवाल को भी सम्मानित किया गया।
विशाल भंडारे के साथ हुआ समापन आयोजक नंदलाल गुप्ता ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और समाज के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा और सेवा की भावना को बल मिलता है। इस दौरान रामजक मोदनवाल, राधेश्याम गुप्ता, मंजू मोदनवाल, अर्चना मोदनवाल सहित समाज के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अनुष्ठान के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।