प्रदेशभर में आयोजित हुआ 239वां मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला, एक ही दिन में 1.23 लाख से अधिक मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

लखनऊ।जनसामान्य, विशेषकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की पहल पर 2 फरवरी 2020 से शुरू किए गए मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का 239वां आयोजन रविवार 8 फरवरी 2026 को पूरे प्रदेश में किया गया। आरंभ से ही जांच, उपचार, गोल्डेन कार्ड वितरण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की उपलब्धता के कारण यह मेला जनता में लगातार लोकप्रिय होता गया है और आज यह प्रदेश की सबसे प्रभावी जनस्वास्थ्य पहल के रूप में स्थापित हो चुका है।आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में आने वाले सभी आगंतुकों और रोगियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही लोगों को व्यक्तिगत और पर्यावरणीय स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया। जल-जनित रोगों से बचाव के उपायों पर चर्चा की गई और मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए सोते समय मच्छरदानी के प्रयोग तथा आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई। मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। मेलों में शुद्ध पेयजल और मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई। तंबाकू के प्रयोग से होने वाली हानियों, गैर संचारी रोगों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया गया। गंभीर रोगियों को निःशुल्क एंबुलेंस के माध्यम से उच्चतर चिकित्सा केंद्रों पर संदर्भित किया गया और मौके पर ही गोल्डेन कार्ड बनाकर वितरित किए गए।8 फरवरी 2026 को आयोजित 239वें मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 1,23,736 रोगियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 53,162 पुरुष, 56,409 महिलाएं और 14,165 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान 1,293 गंभीर रोगियों को उच्च चिकित्सालयों में उपचार के लिए संदर्भित किया गया और 4,712 गोल्डेन कार्ड वितरित किए गए। मेले के सफल संचालन के लिए 5,216 चिकित्सकों, 15,885 पैरामेडिकल स्टाफ और 2,232 आईसीडीएस कर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।स्वास्थ्य परीक्षण के आंकड़ों की बात करें तो मेले में 15,572 फीवर के मामले सामने आए। डेंगू की जांच के लिए 1,697 टेस्ट किए गए, जिनमें 5 मरीज धनात्मक पाए गए। कोविड की निगरानी के तहत 16 एंटीजन टेस्ट किए गए, जिनमें कोई भी मरीज कोविड के लिए धनात्मक नहीं पाया गया।प्रदेश में अब तक आयोजित किए गए सभी मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का समग्र प्रभाव अत्यंत व्यापक रहा है। इन मेलों के माध्यम से कुल 14 करोड़ 30 लाख 96 हजार 832 से अधिक रोगी लाभान्वित हो चुके हैं। साथ ही 3,80,060 गंभीर रोगियों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर संदर्भित किया गया है और 20,19,179 गोल्डेन कार्ड बनाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आज प्रदेश में सुलभ, सस्ती और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत माध्यम बनकर आमजन के विश्वास का केंद्र बन चुका है।