जिलाधिकारी ने किया नगर पंचायत मुंडेरवा क्षेत्र में अलाव व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण

बस्ती  — शीतलहर एवं अत्यधिक ठंड को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना द्वारा नगर पंचायत मुंडेरवा क्षेत्र में अलाव व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, बाजार एवं रैन बसेरों पर जलाए जा रहे अलाव की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु रैन बसेरों पर साइनेज बोर्ड लगाए और आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करे।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड से बचाव हेतु अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से कराई जाए तथा पर्याप्त मात्रा में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान गरीब, निराश्रित एवं राहगीरों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रात्रिकालीन समय में भी अलाव जलाए जाने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए अलाव स्थलों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शीतलहर से बचाव हेतु शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, नगर पंचायत के प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।