आम आदमी पार्टी अयोध्या ने संगोष्ठी आयोजित कर माता सावित्रीबाई फुले को दी श्रद्धांजलि
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या | 3 जनवरी 2026
देश की पहली महिला शिक्षिका और महान समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) अयोध्या द्वारा जिला मुख्यालय पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संघर्ष और शिक्षा की शक्ति
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति एडवोकेट ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा हथियार बनाया, जब समाज में शिक्षा के द्वार महिलाओं और वंचितों के लिए बंद थे। उन्होंने न केवल खुद शिक्षा ग्रहण की, बल्कि तमाम विपरीत परिस्थितियों और अपमान को सहते हुए महिलाओं व वंचित वर्गों को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। विचारों को नीतियों में उतारने की जरूरत अनिल प्रजापति ने जोर देते हुए कहा, “आज का दिन सिर्फ जयंती मनाने की औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। फुले जी के विचार आज भी सामाजिक न्याय, समान शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हमारे मार्गदर्शक हैं। सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उनके इन सिद्धांतों को सरकारी नीतियों और हमारे व्यक्तिगत जीवन में उतारा जाएगा।”
वंचितों का अधिकार ही सच्ची श्रद्धांजलि उन्होंने आगे कहा कि आज भी समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को समान अवसर दिलाने के लिए संघर्ष की आवश्यकता है। महिलाओं और वंचितों के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रखना ही माता सावित्रीबाई फुले को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में उपस्थित रहे गणमान्य इस विचार संगोष्ठी में जिले के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से सैनिक प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष यू.के. द्विवेदी, महासचिव सुनील मौर्य, कोषाध्यक्ष दिलीप वर्मा, लीगल सेल के अध्यक्ष सत्य प्रकाश मौर्य और पंचदेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने समाज सुधार के पथ पर चलने का संकल्प लिया।