अयोध्या में आयोजित हुआ ‘हिंदू भविष्य निर्माण कार्यकर्ता सम्मेलन–2026’

14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस पर होगा विशाल सम्मेलन, संगठन को मजबूत करने का आह्वान….

अयोध्या।
रामनगरी अयोध्या में हिंदू युवा वाहिनी के तत्वावधान में हिंदू भविष्य निर्माण कार्यकर्ता सम्मेलन–2026 का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन से जुड़े प्रदेश, क्षेत्रीय व मंडलीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा आमंत्रित अतिथियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 कृष्णानंद जी महाराज रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह राठौड़ ने की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष (अवध) डॉ. अवधेश नारायण पांडेय एवं प्रदेश प्रभारी ब्रजनंदन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि “जब संगठन मजबूत होगा, तभी हिंदू समाज सशक्त होगा।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सनातन संस्कृति और हिंदू विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठित होकर कार्य करें। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, जातिवाद से ऊपर उठकर एकजुटता तथा सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा को समय की आवश्यकता बताया।
ब्रजनंदन सिंह ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी योगी आदित्यनाथ के निर्देशन एवं संरक्षण में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी 14 फरवरी को अयोध्या में होने वाले मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर विशाल सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। इस दिन हर वर्ष की भांति हिंदू युवा वाहिनी द्वारा मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया जाएगा, जिसे भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में भव्य रूप देने की तैयारी है।
सम्मेलन में आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और 14 फरवरी के आयोजन को लेकर सभी पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।