महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम स्थित सद्गुरु बधाई भवन के साकेतवासी पूर्व आचार्य महंत जानकी शरण जी महाराज की 23वीं पुण्यतिथि सोमवार को श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में मनाई जाएगी। इस अवसर पर बिहार प्रान्त के मुजफ्फरपुर जिले से शामिल होने आए भक्तों, संतों, महंतों सहित गृहस्थों के लिए एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
रविवार को हुए विशेष कार्यक्रम
पुण्यतिथि के कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार को ही हो गई। सद्गुरु बधाई भवन के वर्तमान पीठाधिश्वर स्वामी राजीव लोचन के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में अयोध्या के विशिष्ट संतों के लिए विशेष भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महंत शामिल हुए।
गुरु के प्रति भक्तों की अटूट आस्था
इस मौके पर बिहार प्रान्त के मुजफ्फरपुर से पधारी शिक्षिका किरन शुक्ला ने अपनी गुरु के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए बताया कि उनका परिवार प्रत्येक वर्ष गुरु महाराज की पुण्यतिथि और श्रावण झूला मेला में अवश्य आता है। वे यहाँ भगवान का दर्शन पूजन कर संतों का आशीर्वाद लेते हैं। इस साल भी वह अपने सम्पूर्ण परिवार के साथ इस आयोजन में शामिल होने आई हैं। वहीं, शिक्षक पंडित मदन कुमार कश्यप ने कहा कि पूज्य गुरुदेव भगवान के आश्रम में आकर उन्हें अपार सुख मिलता है। उन्होंने कामना की कि गुरुदेव महाराज की कृपा सदैव बनी रहे।महंत जानकी शरण जी का व्यक्तित्व बता दें कि सद्गुरु बधाई भवन के पूर्व आचार्य महंत जानकी शरण जी महाराज एक सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन गौ सेवा, संत सेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में व्यतीत किया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से महंत वैदेही वल्लभ शरण जी महाराज, महंत डॉ. प्रभाकर मिश्रा के अलावा मिथिला वर्मा, प्रभा कुमारी, अंजलि, राजीव कुमार, प्रवीण, विपिन, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।