महंत उमाशंकर दास की देखरेख में अयोध्या में तीन दिवसीय सांप्रदायिक सद्भाव कबीर मेला का समापन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। कबीर मठ जियनपुर महाेबरा बाजार, अयोध्या धाम के संस्थापक रामसूरत साहेब एवं निर्माणकर्ता उदार साहेब की पुण्य स्मृति में आयाेजित तीन दिवसीय सांप्रदायिक साैहार्द कबीर मेला का शुक्रवार को समापन हो गया।
कबीर धर्म मंदिर सेवा समिति कबीर मठ जियनपुर के कार्यवाहक अध्यक्ष महंत उमाशंकर दास ने बताया कि यह आयोजन संस्थापक स्वरूपलीन रामसूरत साहेब व निर्माण कर्ता उदार साहेब की पुण्य स्मृति में किया गया था। इस दौरान पधारे सभी संताें का स्वागत-सम्मान कर भेंट, विदाई की गई। दूसरे दिन हुआ बीजक पाठ और विचार गोष्ठी मेला के क्रम में दूसरे दिन गुरुवार को सुबह बीजक पाठ हुआ। इसके बाद अपरान्ह आयाेजित विचार गाेष्ठी में मुख्य अतिथि साधु संत महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सतनाम साहेब ने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है और हमें जात-पात, छुआ-छूत, वाह्य आडंबर, पाखंड से हटकर अपने आपकी पहचान करना है। उन्होंने कहा कि सदगुरु कबीर का विचार सुख-शांति का है, जो कर्मों और ज्ञान से मिलता है। गाेष्ठी में राम सिंह साहेब खलीलाबाद, डा. आलाेक रंजन, डा. सीएम पटेल, भाकियू राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा, रंजीत रंजन, श्यामलाल चाैधरी, सुरेश मास्टर, जगदीश, पूर्व डीसीएफ चेयरमैन रामशंकर निराला, डा. बृजेश यादव ने भी विचार व्यक्त किए। सायंकाल भजन संध्या का कार्यक्रम हुआ, जिसमें श्राेतागण मंत्रमुग्ध हो गए। समापन सत्र में उठा पाठ्यक्रम में कबीर के संदेश को शामिल करने का मुद्दा कबीर मेला के अंतिम दिन शुक्रवार की सुबह समापन सत्र में मुख्य अतिथि किसान मजदूर माेर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह पटेल ने कहा कि सदगुरु कबीर साहेब ने जो विचार और संदेश दिया है, वह भाईचारा और दुनिया काे जाेड़ने वाला है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि ऐसे ऋषि को विशेष दर्जा दिया जाए और कबीर साहेब के विचारों एवं संदेशों को बच्चों के पाठ्यक्रम में लागू किया जाए।
विशिष्ट अतिथि मौर्या कुशवाहा मंदिर के महंत सनत कुमार दास ने कहा कि सदगुरु कबीर साहेब मानवतावादी थे और उन्होंने जात-पात, छुआ-छूत, वाह्य आडंबरों आदि का विराेध किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमात्मा प्रसाद चाैधरी ने की। गोष्ठी में विवेक साहेब सोभद्र, महंत कार्तिकेय दास, महंत आनंद दास ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन कबीर धर्म मंदिर सेवा समिति जियनपुर के कार्यवाहक मंत्री संत विवेक ब्रह्मचारी ने किया। इस अवसर पर निर्भय साहेब, पूर्व प्रधान गुरुचरण यादव, श्री भानु प्रताप वर्मा इंटर कालेज हनुमत नगर के प्राचार्य निर्मल वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।