लक्ष्य निर्धारित कर कौशल विकास के लिए किया प्रेरित

*लक्ष्य निर्धारित कर कौशल विकास के लिए किया प्रेरित*

 

बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग-बस्ती में कक्षा दशम एवं द्वादश के छात्रों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करने तथा भविष्य की योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रेरक व्याख्यान आयोजित किया गया।

दैनिक वंदना के पश्चात् सरस्वती शिशु मंदिर अर्जुनगंज, लखनऊ के चेयरमैन श्री अखिलेश शुक्ल ने छात्रों को संबोधित किया। अतिथि परिचय विद्यालय के परीक्षा प्रमुख श्री आशीष सिंह ने कराया। उन्होंने बताया कि भारतीय प्रबंध संस्थान से अध्ययन करने के बाद श्री शुक्ल ने विभिन्न देशों में लगभग 20 वर्षों तक आईटी सेक्टर में कार्य किया। वर्तमान में आप युक्ति एड्यूटेनमेंट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस तथा अवध प्रांत के विमर्श सह प्रमुख हैं।

विद्यालय के उप प्रधानाचार्य श्री विजय नारायण उपाध्याय ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर अतिथि का सम्मान किया।

अपने संबोधन में श्री अखिलेश शुक्ल ने छात्रों को जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने इसरो एवं डीआरडीओ जैसे भारतीय संस्थानों का उदाहरण देते हुए छात्रों को देश की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने तथा इंटरमीडिएट के बाद से ही अपने कौशल का विकास करने के लिए प्रेरित किया।