अयोध्या में दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग और उपकरण वितरण शिविर

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । स्वर्गीय अशोक सिंघल जी की 99वीं जयंती के उपलक्ष्य में, अशोक सिंघल फाउंडेशन और विश्व हिंदू परिषद के सहयोग से अयोध्या के कारसेवक पुरम में एक विशाल पांच दिवसीय निशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 27 सितंबर से 1 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस शिविर में हाथ, पैर, कैलिपर्स, ट्राई-साइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी और व्हीलचेयर जैसे विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा, लोगों की निशुल्क आंखों की जांच कर उन्हें चश्मे भी दिए जाएंगे। पिछले चार वर्षों में इस पहल से देश के छह राज्यों में 4,000 से ज्यादा लोग लाभान्वित हो चुके हैं। इस वर्ष, आयोजकों का लक्ष्य 1,000 से अधिक लोगों की सहायता करना है।
दिव्यांगों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 सितंबर थी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय जी के अनुसार, कृत्रिम अंगों और उपकरणों की सीमित संख्या के कारण दिव्यांगों को जल्द पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया था। अब तक 500 से अधिक दिव्यांगों ने पंजीकरण कराया है। इस पांच दिवसीय शिविर में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, अशोक सिंघल फाउंडेशन के न्यासी अशोक सिंघल और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति, जैसे जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, सांसद, विधायक और व्यापार मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, कई संत और महात्माओं के भी शिविर में आने की उम्मीद है।