नगर निगम ने विज्ञापन बकायेदारों को भेजा नोटिस, 31 मार्च तक भुगतान नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई

लखनऊ नगर निगम लखनऊ के अंतर्गत विज्ञापन लाइसेंस फीस का भुगतान न करने वाली कई एजेंसियों और कंपनियों को बकायेदारों की सूची में शामिल कर नोटिस जारी किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 मार्च 2025 तक बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित एजेंसियों और कंपनियों के लाइसेंस रद्द कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।नगर निगम के विज्ञापन विभाग के अनुसार, शहर में कई एजेंसियां और कंपनियां लंबे समय से विज्ञापन लाइसेंस फीस जमा नहीं कर रही थीं। इन पर लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक का बकाया है। निगम की ओर से लगातार नोटिस भेजे जाने के बावजूद इन कंपनियों द्वारा भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते अब कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय शहर में विज्ञापन नीति को सख्ती से लागू करने और बकायेदारों पर दबाव बनाने के लिए लिया गया है। अगर एजेंसियां निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करती हैं, तो निगम कानूनी कार्रवाई करने, लाइसेंस निरस्त करने और ब्लैकलिस्ट करने जैसे कठोर कदम उठाएगा।नगर निगम के इस सख्त रुख के बाद अब यह देखना होगा कि विज्ञापन कंपनियां समय पर बकाया राशि जमा करती हैं या फिर उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा