लखनऊ, । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नव्व नरेन्द्र मोदी का प्रेरणादायी मार्गदर्शन विकसित भारत-युवा संसद महोत्सव-2025 के माध्यम से युवाओं की भूमिका को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व का गुण विकसित करने के लिए वर्ष 2019 से ‘युवा संसद’ के इस नए संकल्प को माय भारत अभियान के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने विधान सभा में राज्य स्तरीय विकसित भारत-युवा संसद महोत्सव-2025 के उद्घाटन अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस महोत्सव का आयोजन केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में माय भारत कार्यक्रम के अन्तर्गत किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 28 और 29 मार्च, 2025 को विधान सभा भवन में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नीति निर्माण में भागीदारी देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना है।प्रदेश के 240 युवा देश की सबसे बड़ी राज्य विधायिका में चर्चा का हिस्सा बनने के लिए आए हैं, जो उनके लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद की शक्ति को समझते हुए, तथ्यों सहित प्रभावी और शिष्ट आचरण के साथ अपनी बात रखने का आग्रह किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित तीन प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।नेतृत्व के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति के आचरण और विचार में समन्वय होना चाहिए, जिससे विश्वास और प्रेरणा उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि युवा संसद का उद्देश्य केवल राजनीतिक नेतृत्व का निर्माण करना नहीं है, बल्कि संसदीय लोकतंत्र की परंपराओं और कार्यप्रणाली से युवाओं को अवगत कराना है। लोकतंत्र की तीनों संस्थाओं – विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की पारस्परिक भूमिका को समझाते हुए उन्होंने कहा कि इनके समन्वय से सुशासन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संविधान का पालन और नागरिकों के मूल अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराया जा रहा है।प्रधानमंत्री के पंचप्रण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए हर नागरिक को योगदान देना होगा। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को युवाओं का प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि सफलता और असफलता के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए और हमेशा अपने प्रयासों को जारी रखना चाहिए।मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को देश की पहचान बताते हुए कहा कि इसे बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तर प्रदेश की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राज्य 2017 से पहले बीमारू राज्य था, लेकिन अब यह देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद महोत्सव युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। विधानसभा अध्यक्ष नव्व सतीश महाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें वर्ष 2047 में एक विकसित भारत बनाने के संकल्प से जोड़ा है और इस कार्य में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नव्व गिरीश चन्द्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।