जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर: यूपी के संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव में मदरसे के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में बसपा नेता नाजिम खान सहित कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
भटपुरवा गांव निवासी 25 वर्षीय हाशिम का मदरसे के किसी मुद्दे को लेकर बसपा नेता नाजिम खान और उनके साथियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हाशिम को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोग हाशिम को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से एक महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की है, जिसे इस संघर्ष में इस्तेमाल किया गया था। साथ ही, मुख्य आरोपी बसपा नेता नाजिम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक हाशिम के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।