मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

 

रुधौली, सोनहा और भानपुर में पुलिस टीमों ने लगाई चौपाल, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा जागरूकता चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ ही शासन-प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।

 

थाना रुधौली की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो पुलिस टीम ने ग्राम बजहा में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। वहीं थाना सोनहा पुलिस टीम ने सोनहा कस्बा, मंडप और भानपुर कस्बे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीमों ने मिशन शक्ति के तीन प्रमुख उद्देश्यों नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

 

चौपाल के दौरान महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और एंबुलेंस सेवा 108 के उपयोग की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर इन नंबरों को सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

 

इसके साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए महिलाओं और बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, अनजान लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने तथा सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

 

पुलिस टीमों ने अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य अपराध की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि इसकी सूचना पुलिस को दें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाया जा सके।