सरदार वल्लभभाई पटेल की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, विद्यालयों में स्थापित होंगी लौह पुरुष की लघु प्रतिमाएं

बस्ती में सामाजिक एकता की अनूठी पहल करेंगे मनीष मिश्रा, हर घर से मांगी जाएगी लोहे की भिक्षा

 

सरदार वल्लभभाई पटेल की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, विद्यालयों में स्थापित होंगी लौह पुरुष की लघु प्रतिमाएं

 

बस्ती। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य संकल्प के बल पर देश की छोटी-बड़ी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनकी इसी एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पहल संस्था के अध्यक्ष मनीष मिश्रा बस्ती में सामाजिक एकता की एक अनूठी पहल शुरू करने जा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से जाति-पाति और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।

 

मनीष मिश्रा ने मीडिया से टेलीफोनिक वार्ता के दौरान बताया कि इस अभियान के तहत बस्ती जिले के प्रत्येक घर से लोहे का एक छोटा टुकड़ा दान स्वरूप मांगा जाएगा। इसके लिए समाज के सभी वर्गों के लोगों से संपर्क कर उन्हें इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। घर-घर से एकत्रित किए गए लोहे का उपयोग सरदार वल्लभभाई पटेल की विश्व प्रसिद्ध प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लघु स्वरूप तैयार कराने में किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल प्रतिमाओं का निर्माण कराना नहीं, बल्कि समाज में एकता, समरसता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उनका मानना है कि जब बस्ती के प्रत्येक परिवार के घर से लोहे का एक टुकड़ा इस अभियान में शामिल होगा, तो यह प्रतिमा किसी एक व्यक्ति या वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी और एकजुटता का प्रतीक बनेगी।

 

मनीष मिश्रा ने बताया कि इस संकल्प की औपचारिक शुरुआत आगामी 1 नवंबर को सांसद राम प्रसाद चौधरी के आवास से की जाएगी। इसके बाद जिले के गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में अभियान को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक घर से लोहे का एक टुकड़ा एकत्रित करने का प्रयास किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि एकत्रित लोहे से तैयार कराई जाने वाली सरदार पटेल की लघु प्रतिमाओं को जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्थापित कराने का प्रयास रहेगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी लौह पुरुष के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता के विचारों से प्रेरणा ले सकें।

 

मनीष मिश्रा ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और बुद्धिजीवियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्ती को जातिवाद से मुक्त कर सामाजिक एकता के सूत्र में बांधना ही इस पहल का मूल संकल्प है। लोहे का छोटा सा टुकड़ा भी जब सामूहिक भावना से जुड़ेगा, तो वह सामाजिक एकता का बड़ा संदेश बनेगा।