लखनऊ केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दीपावली के बाद महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ देने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया गया है। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी। इस फैसले से केंद्र सरकार के कर्मचारियों को तीन प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा।वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप स्वीकृत वेतन मैट्रिक्स के निर्धारित स्तर पर मिलने वाले मूल वेतन के आधार पर महंगाई भत्ते की नई दर को मंजूरी दी है। मूल वेतन में विशेष वेतन या अन्य किसी प्रकार का अतिरिक्त भुगतान शामिल नहीं होगा।आदेश के मुताबिक महंगाई भत्ता वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा और इसे मौलिक नियम 9 (21) के तहत वेतन नहीं माना जाएगा। महंगाई भत्ते की गणना में 50 पैसे या उससे अधिक के अंश को अगले पूरे रुपये में शामिल किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश को छोड़ दिया जाएगा।यह आदेश रक्षा सेवा अनुमानों से वेतन पाने वाले असैनिक कर्मचारियों पर भी लागू होगा। हालांकि सशस्त्र बलों के जवानों और रेलवे कर्मचारियों के लिए रक्षा मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय अलग से आदेश जारी करेंगे। भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग के कर्मचारियों के संबंध में यह आदेश नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक से परामर्श के बाद जारी किया गया है।