जितेन्द्र पाठक
संत कबीर नगर। जनपद में गेंहू की तैयार फसल को आग की विभीषिका से बचाने के लिए फायर ब्रिगेड की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग जोर पकड़ रही है। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अहमद ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर दुधारा थाना सहित अन्य दूरस्थ थानों पर फायर ब्रिगेड तैनात करने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले कई वर्षों से गेंहू की तैयार फसल में आग लगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई बार यह आग गांवों तक पहुंचकर जान-माल के लिए भी खतरा उत्पन्न कर देती है। किसानों की हजारों एकड़ गेंहू की फसल जलकर राख हो जाती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जिला मुख्यालय पर होने के कारण दमकल वाहनों के पहुंचने में देरी होती है, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ जाता है।
मोहम्मद अहमद ने कहा कि आगामी दिनों में गेंहू की फसल पूरी तरह से पककर तैयार हो जाएगी, जिसे लेकर किसान पहले से ही चिंतित हैं। ऐसे में अगर समय रहते आग लगने की घटनाओं पर नियंत्रण नहीं किया गया तो किसानों को भारी क्षति हो सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि गेंहू की फसल को आग से बचाने के लिए दुधारा थाना सहित जनपद के अन्य थानों पर फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
किसानों का भी कहना है कि यदि जिला प्रशासन इस दिशा में जल्द कदम नहीं उठाता है, तो उन्हें हर साल की तरह इस बार भी अपनी फसल को लेकर असुरक्षा का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित करे, ताकि किसानों की मेहनत पर पानी न फिरे।