समाज कल्याण विभाग ने वृद्धाश्रम के वरिष्ठजनों को महाकुंभ में स्नान कराने की व्यवस्था की

उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार निराश्रित वरिष्ठजनों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण के निर्देश पर मंगलवार को देवरिया, बहराइच, अमरोहा और बिजनौर जनपद के वृद्धाश्रम में निवास करने वाले 95 वरिष्ठजनों को महाकुंभ में स्नान करवाने की व्यवस्था की गई। इन सभी वरिष्ठजनों को उनके जनपदों से विभागीय अधिकारियों द्वारा बस के माध्यम से कुम्भ क्षेत्र में बने समाज कल्याण के अस्थायी आश्रम तक लाया गया।समाज कल्याण विभाग ने कुंभ क्षेत्र में पहली बार एक विशेष कैंप स्थापित किया है, जिसमें वरिष्ठजनों के लिए 100 बेड की क्षमता वाला एक आश्रम तैयार किया गया है। इस आश्रम में वरिष्ठजनों को निःशुल्क भोजन, आवागमन और रुकने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही, उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भी कैंप में डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है।इस आश्रम में रुकने वाले वरिष्ठजनों की सुबह योग और ध्यान के साथ होती है, और सायं को भजन कीर्तन के कार्यक्रम में वे सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। समाज कल्याण विभाग के इस कैंप में सामाजिक समरसता की झलक भी देखने को मिलती है, जहां सभी वरिष्ठजन मिलजुल कर धर्म, संस्कृति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनते हैं।समाज कल्याण मंत्री  असीम अरुण ने कहा कि इस पहल से हम प्रदेश के वरिष्ठजनों को सम्मान और ध्यान के साथ महाकुंभ के इस पवित्र अवसर पर स्नान करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं, और उनका स्वास्थ्य व सुखद अनुभव सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।