फिरोजाबाद महोत्सव: कला, संस्कृति और मनोरंजन का अद्भुत संगम

लखनऊ सुहाग नगरी फिरोजाबाद में 01 फरवरी से 07 फरवरी तक आयोजित होने वाला महोत्सव पीडी जैन ग्राउंड के मैदान में शुरू होगा। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री  जयवीर सिंह इस महोत्सव का शुभारंभ कल सायं 06:30 बजे करेंगे। इस सात दिवसीय महोत्सव में देशभर के प्रसिद्ध कवि, गायक, कलाकार और कामेडियन अपनी प्रस्तुति देंगे, जिनमें डॉ. कुमार विश्वास, डॉ. हरिओम, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा सहित कई अन्य नामचीन हस्तियां शामिल हैं।महोत्सव में शिल्प मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रमुख शिल्पकार अपनी उत्कृष्ट कृतियों का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2023 में कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई थी, और हर साल इसके आकार और भव्यता में वृद्धि हो रही है। इस वर्ष भी महोत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।जयवीर सिंह ने बताया कि महोत्सव में कलाकारों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। पहले दिन 01 फरवरी को कुमार विश्वास, 02 फरवरी को डॉ. हरिओम, हेमंत वृजवासी, 03 फरवरी को गीतांजली शर्मा, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, अंजुम रहबर, मालविका हरिओम, 04 फरवरी को पद्मश्री मालिनी अवस्थी, 05 फरवरी को मोनाली ठाकुर, 06 फरवरी को सुनील पाल और कन्हैया मित्तल सहित कई अन्य कलाकार अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।इसके अलावा, शिल्प मेले में ओडीओपी उत्पादों और फिरोजाबाद के शिल्पकारों द्वारा बनाए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगेगी। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए लेजर शो और अन्य मनोरंजन गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।मंत्री ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है, और सरकार का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां से एक अद्वितीय अनुभव लेकर जाएं।