दसवीं पुण्यतिथि पर याद किए गए जनकवि बालसोम गौतम
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनकवि बालसोम गौतम की दसवीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। बालसोम गौतम स्मृति संस्थान की ओर से प्रेस क्लब सभागार में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। इसमें कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके साहित्यिक योगदान पर चर्चा की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. वीके वर्मा ने कहा कि बालसोम गौतम का रचना संसार विविधताओं से भरा हुआ था। वे अपने समय के सशक्त साहित्यकार थे। उनकी कविताएं कठिन परिस्थितियों में भी लोगों को साहस और हौसला देती हैं। आयोजक मंडल की ओर से बालसोम गौतम की स्मृति में अंगवस्त्र भेंट कर उनके मित्र देव नारायण चौधरी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण देव मिश्र ने की, जबकि संचालन विनोद कुमार उपाध्याय हर्षित ने किया।
बालसोम गौतम के शिष्य वरिष्ठ कवि डॉ. रामकृष्ण लाल जगमग ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने गुरु से जुड़े संस्मरण और अनुभव साझा करते हुए कहा कि बालसोम गौतम एक संवेदनशील कवि और रचनाकार थे। उनकी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को भी अंधकार से लड़ने का साहस देती रहेंगी। उन्होंने मन की पीड़ा और खुशी को जिस तरह अपनी कविताओं में स्वर दिया, वह सीधे लोगों के दिलों को छू जाती है।

इस दौरान डॉ. अफजल हुसैन अफजल ने अपनी कविता सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने अपनी रचना में देशभक्ति का भाव व्यक्त करते हुए कहा, ‘पांव सब खींचने लगे मेरा, मेरे पर उड़ान पर आए, माल क्या जान भी लुटा देंगे, बात हिंदुस्तान पर आए।’ उनकी रचना को श्रोताओं ने सराहा। कवि तेज प्रकाश शुक्ल, सुशील सिंह पथिक सहित अन्य रचनाकारों ने अपनी कविताएं सुनाकर बालसोम गौतम को श्रद्धांजलि दी। वहीं श्याम प्रकाश शर्मा, सिद्धार्थ सिंह गौतम, सुरेश सिंह गौतम और बटुक नाथ शुक्ल ने भी उनके व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण देव मिश्र ने बालसोम गौतम के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि बालसोम गौतम की रचनाओं में जीवन को समझने और मुश्किलों से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उनके गीतों को पढ़ने और समझने वाला व्यक्ति जीवन में आने वाली असफलताओं से हार मानना नहीं सीखेगा। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों और गणमान्य लोगों ने बालसोम गौतम के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी रचनाएं लंबे समय तक समाज को सकारात्मक सोच, साहस और संघर्ष की प्रेरणा देती रहेंगी।






Views Today : 5452
Who's Online : 15