मनीष मिश्रा ने राकेश राजभर को भेंट की स्कॉर्पियो-एन, भावुक होकर बोले- भैया जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं
संजय मिश्रा, जीडी मिश्रा का बड़ा बयान- आने वाले समय में समर्पित सहयोगियों के लिए मनीष भैया करेंगे बहुत कुछ, बिना किसी पद के इतनी कम अवधि में समाजसेवा और जनसंपर्क में बनाई अलग पहचान
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनपद में समाजसेवा और अपने सहयोगियों के प्रति सम्मान को लेकर चर्चा में आए मनीष मिश्रा की ओर से सहयोगियों को स्कॉर्पियो-एन भेंट करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को मनीष मिश्रा ने अपने सहयोगी राकेश राजभर को नई स्कॉर्पियो-एन भेंट की। इस सौगात को पाकर राकेश राजभर ने मनीष मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें इतना बड़ा उपहार मिलेगा। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया।
स्कॉर्पियो-एन की चाबी मिलने के बाद राकेश राजभर ने भावुक अंदाज में कहा, “मनीष भैया जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। उनकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है। उन्होंने अपने सहयोगियों के प्रति जिस तरह विश्वास और अपनापन दिखाया है, वह अपने आप में खास है। मुझे स्कॉर्पियो-एन जैसी गाड़ी भेंट करने के लिए मैं उनका हृदय से धन्यवाद करता हूं। उनके इस स्नेह और विश्वास को मैं जीवनभर याद रखूंगा।”
राकेश राजभर ने आगे कहा कि मनीष मिश्रा के आने के बाद बस्ती की राजनीति में निश्चित रूप से एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उनकी कार्यशैली, सामाजिक गतिविधियों और लोगों से जुड़ने के तरीके को लेकर जनपद में लगातार चर्चाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मनीष भैया जिस तरह अपने साथियों को सम्मान और जिम्मेदारी दे रहे हैं, उससे सहयोगियों में भी उत्साह बढ़ रहा है। उनके इस विश्वास को बनाए रखना अब उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मनीष भैया ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आजीवन समर्पित रहूंगा। उनके द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह का ऋण शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ उनके साथ खड़ा रहूंगा और जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका निर्वहन करूंगा।”
इस मौके पर जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा ने भी मनीष मिश्रा की कार्यशैली और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक प्रभाव को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि मनीष मिश्रा की कार्यशैली से भाजपा को बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन और जुड़ाव मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मनीष भैया आने वाले समय में अपने समर्पित लोगों के लिए बहुत कुछ करेंगे। अभी इस बारे में कुछ बताने की जरूरत नहीं है। फिलहाल केवल यह देखा जा रहा है कि कौन-कौन लोग वास्तव में समर्पित भाव से उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा, “आज तक बस्ती की राजनीति और समाजसेवा में शायद ही कोई ऐसा व्यक्तित्व आया हो, जिसने बिना किसी पद पर रहते हुए इतने कम समय में इतनी उपलब्धियां हासिल की हों। मनीष भैया ने कम समय में जिस तरह लोगों के बीच अपनी पहचान बनाई है, वह चर्चा का विषय है। उनके साथ जुड़े लोगों के प्रति उनका विश्वास और सम्मान उनकी कार्यशैली को अलग बनाता है। आने वाले समय में समर्पित सहयोगियों के लिए और भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा।”
गौरतलब है कि मनीष मिश्रा की ओर से अपने दस सहयोगियों को नई स्कॉर्पियो-एन भेंट करने की पहल की जा रही है। इससे पहले उनके विमल पाण्डेय को भी स्कॉर्पियो-एन की चाबी सौंपी गई थी। अब इसी क्रम में राकेश राजभर को गाड़ी भेंट किए जाने से उनके सहयोगियों के बीच इस पहल को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मनीष मिश्रा की ओर से इस पहल का उद्देश्य अपने सहयोगियों को संसाधन उपलब्ध कराना और उनके माध्यम से भाजपा सरकार की उपलब्धियों तथा अपने सामाजिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना बताया गया है। इस पहल के तहत सहयोगियों को वाहन उपलब्ध कराकर जनसंपर्क गतिविधियों को गति देने की बात कही जा रही है।
मनीष मिश्रा की सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी जनपद में चर्चाएं होती रही हैं। उनके द्वारा करीब 20 हजार बहनों को जोड़ने, 35 हजार क्रिकेट खिलाड़ियों तक पहुंच बनाने और लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने की पहल का दावा किया गया है। इन गतिविधियों के बीच सहयोगियों को महंगी गाड़ियां भेंट करने का निर्णय भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
शुक्रवार को राकेश राजभर को स्कॉर्पियो-एन की सौगात जीडी मिश्रा ,संजय मिश्रा के बयान के बाद मनीष मिश्रा की कार्यशैली को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले समय में उनकी ओर से अपने सहयोगियों और सामाजिक गतिविधियों को लेकर कौन-सी नई पहल सामने आती है।






Views Today : 5358
Who's Online : 15