मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर स्वामी दयानंद विद्यालय में शांति यज्ञ, दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के देवलोक गमन पर स्वामी दयानंद विद्यालय, सुरतीहट्टा बस्ती में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ओम प्रकाश आर्य ने श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि माता का स्थान संसार में सर्वोच्च होता है। माता का स्नेह, त्याग, संस्कार और आशीर्वाद संतान के जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। श्रीमती सावित्री देवी का देवलोक गमन अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को उत्तम गति प्रदान करने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
आदित्य नारायण गिरि ने कहा कि मृत्यु जीवन का शाश्वत सत्य है, लेकिन माता का बिछुड़ना अत्यंत पीड़ादायक होता है। वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ एवं ईश्वर प्रार्थना के माध्यम से दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा है। उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति तथा शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
शांति यज्ञ में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अनीशा मिश्रा, महिमा, स्वप्नल विश्वकर्मा, महक मिश्रा, दिनेश मौर्य, राजेश्वरी गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं प्रार्थनाओं से वातावरण भावपूर्ण बना रहा। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रीमती सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।






Views Today : 5359
Who's Online : 15