समाजसेवा और पंचायत राजनीति के अनुभव के सहारे बस्ती सदर में सक्रिय हुए राना दिनेश प्रताप सिंह, 2027 में भाजपा टिकट की दावेदारी की चर्चा तेज
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। उनकी सामाजिक गतिविधियों, पंचायत राजनीति के अनुभव और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता को आगामी चुनाव में भाजपा टिकट की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
बहादुरपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य राना दिनेश प्रताप सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि पंचायत नेतृत्व से जुड़ी रही है। जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करने का अनुभव रखने वाले राना अब बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में पुराने जनसंपर्क को मजबूत करने के साथ नए लोगों तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है। क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना भी उनकी सक्रियता का हिस्सा है।
राना दिनेश प्रताप सिंह की सामाजिक सक्रियता का एक प्रमुख उदाहरण वर्ष 2020 में देखने को मिला था। कोरोना संक्रमण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अज्जू हिंदुस्तानी और उनके परिवार के सदस्यों की मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर राना ने जयशक्ति आश्रम में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्होंने अनशन समाप्त किया। इसके बाद अज्जू हिंदुस्तानी की पत्नी को बस्ती विकास प्राधिकरण में नौकरी मिली। इस आंदोलन को उनके सामाजिक सरोकारों से जोड़कर देखा जाता है।
जून 2026 में भी उन्होंने जनपद की बिजली समस्याओं को लेकर आवाज उठाई थी। लगातार बिजली कटौती, जर्जर विद्युत तारों और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर बेहतर विद्युत आपूर्ति की मांग की थी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के समक्ष भी उपभोक्ताओं की समस्याएं रखते हुए समयबद्ध समाधान पर जोर दिया था।
जून 2024 में राना दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बस्ती जनपद का नाम बदलकर वशिष्ठ नगर किए जाने की मांग की थी। उन्होंने जनपद के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को इस मांग का आधार बताया था। इसके माध्यम से बस्ती की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को व्यापक स्तर पर स्थापित करने की बात कही थी।
मार्च 2025 में उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी संगठनात्मक और राजनीतिक सक्रियता का दायरा बढ़ा है। पंचायतों को अधिक अधिकार संपन्न बनाने, स्थानीय निकायों को मजबूत करने और पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर वह लगातार अपनी बात रखते रहे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य के रूप में उनका अनुभव भी उनकी राजनीतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अब बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में उनकी बढ़ती सक्रियता को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा से संभावित दावेदारों में उनकी चर्चा के बीच उनके सामने अपने सामाजिक कार्यों, पंचायत नेतृत्व के अनुभव और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने की चुनौती है।
फिलहाल बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कई नेता अपनी-अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में राना दिनेश प्रताप सिंह की सक्रियता ने राजनीतिक समीकरणों और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं को नया आयाम दिया है। हालांकि भाजपा की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि समाजसेवा और पंचायत राजनीति के अनुभव के सहारे वह पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी कितनी मजबूत कर पाते हैं।






Views Today : 5361
Who's Online : 15