बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के खडौआ जाट के निकट ट्रेलर की चपेट मे आकर गंभीर रूप् से घायल मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे में मोटर साईकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव निवासी रामवृक्ष (45) पुत्र श्रीनेवास, गोबरहिया केवाडी निवासी दयानन्द उर्फ पल्लन मिश्रा (47) पुत्र बृजभूषण मिश्रा के रूप् में हुई। दोनो एक ही मोटर साईकिल से कचहरी तारीख देखने आए थे। तारीख देखने के बाद वापस अपने घर जा रहे थे।
हादसा नगर थाना क्षेत्र के खडौआ जाट के निकट टांण्डा की ओर से बस्ती की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटर साइकिल को अपनी चपेट मे लेने से हुआ। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार रामबृक्ष, दयानन्द गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाईकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोडकर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुँची एनएचआई की एंबुलेंस से पुलिस ने दोनो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचवाया, जहां परीक्षण उपरांत डाक्टर ने रामवृक्ष को मृत घोषित कर दिया। दयानन्द उर्फ पल्लन मिश्रा की हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि अस्पताल के बाहर आते ही उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनो के शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी नगर देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राम ललित की तहरीर पर ट्रेलर चालक के खिलाफ अज्ञात नाम से मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जाँच कर रही है।