बस्ती । कलवारी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव निवासी शैलेन्द्र दूबे व उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ बहादुरपुर विकास खण्ड के बीडीओ गणेश दत्त शुक्ल ने सरकारी कार्य करने से रोकने, गाली देते हुए मारने पीटने, जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई तहरीर में बीडीओ ने कहा है कि शैलेन्द्र दूबे ने अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर उन्हे मारा पीटा। कहा है कि 26 अक्टूबर को वह ब्लाक कार्यालय पर अपने कक्ष में बैठे थे, जहां आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा वहां बैठे लोगों को बाहर कर कमरा बन्द कर जबरदस्ती उनसे मनरेगा का पासवार्ड पूछने लगे। न बताने पर मारा पीटा, हाथापाई की। इस दौरान उनका चश्मा भी गिरकर टूट गया। ,आरोप लगाया है कि आरोपी ने पिस्टल दिखाते हुए उनसे जबरदस्ती 20 करोड़ रूपए के पक्के कार्य की स्वीकृति का दबाव बनाया। इस घटना से वे काफी डर गए और किसी से इस बारे में नहीं बताया। इसके बाद आरोपी ने दो दिसम्बर को विकास भवन में उन्हे अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में बीडीओ की तहरीर के आधार पर आरोपी और उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।