जनपद न्यायालय के स्टेनोग्राफर की मोबाइल चोरी कर 22 हजार से अधिक की शापिंग

 

बस्ती । जनपद न्यायालय के स्टेनोग्राफर सुधांशु शुक्ल के चोरी गए मोबाइल का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट से 22 हजार 107 रूपए की शापिंग कर लिया गया। ई मेल पर सूचना आने के बाद उन्हे इस बात की जानकारी हुई। इसके बाद उनके द्वारा कोतवाली थाना में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की सुसंगत धारा के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
जनपद न्यायालय के स्टेनोग्राफर सुधांशु शुक्ल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि रोडवेज के पास किसी ने एक अक्टूबर को उनकी जेब से मोबाइल चुरा लिया। मोबाइल में उनका एक्सिस बैंक व एचडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड भी था। इसकी सूचना उन्होंने कोतवाली में देते हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगवा दिया। उसी दिन उनके मोबाइल का इस्तेमाल कर अज्ञात व्यक्ति ने फ्लिपकार्ट द्वारा 22 हजार रूपए से अधिक की शापिंग कर ली। ई मेल से सूचना मिलने के बाद उनके द्वारा 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत दर्ज कराने पर साइबर सेल द्वारा बताया गया कि मोबाइल में लगे सिम से छलपूर्वक खरीदारी कर ली गई। मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।