सम्पत्ति विवाद को लेकर पीट पीट हत्या, पत्नी ने लगाया ससुर,जेठ,देवरों पर हत्या का आरोप

 

बस्ती । पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर में एक युवक की उसके अपनों द्वारा ही हत्या करने का मामला सामने आया है। सम्पत्ति को लेकर हुए विवाद में पिता, भाइयों, मां पर लाठी, डंडे से पीट पीट कर उसकी हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है।
जीतीपुर निवासी निर्मला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पति अमेरिका वर्मा ने परिवार के लोगों के साथ बैठकर देर रात मीट खाया और शराब पी। इस दौरान सम्पत्ति को लेकर उनके बीच शराब के नशे में विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि उसके ससुर, सास, जेठ और देवरों ने लाठी डंडे से बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में उसे सीएचसी परसरामपुर ले जाया गया। जहां से डाक्टर ने उसे अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। अयोध्या अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी निर्मला देवी की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।