डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला शान्ति समिति की बैठक

डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला शान्ति समिति की बैठक

पारम्परिक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की डीएम व एसपी ने की अपील

 

बहराइच 06 अक्टूबर। मॉ दुर्गा पूजा, प्रतिमा विसर्जन व विजयदशमी (दशहरा) इत्यादि आसन्न त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी को आसन्न त्यौहारों की बधाई देते हुए कहा कि संभ्रान्तजन की ओर से पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई इत्यादि के सम्बन्ध में जो सुझाव प्राप्त हुए है उनके सम्बन्ध में जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क है। इस सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। डीएम ने कहा कि किसी को भी नई परम्परा की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सभी से सौहार्द पूर्ण वातावरण में परम्परागत ढंग से त्यौहार मनाये जाने की अपील की।

डीएम ने कहा कि जिले के अम्नो-अमान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। डीएम ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से आगामी त्यौहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे। दुर्गा पूजा आयोजकों, राम लीला समितियों के पदाधिकारियों व संभ्रान्त नागरिकों से डीएम ने अपील की कि त्यौहारों के दौरान ऐसा आचरण रखें जिससे किसी दूसरे व्यक्ति को कोई आपत्ति न हो। जुलूसों के दौरान डीजे व ध्वनिविस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरे संयम के साथ किया जाय तथा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि ध्वनिविस्तारक यंत्र का स्वर मा. उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार हो।

डीएम ने बताया कि जनपद में नामित किये गये सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए यदि कहीं पर कोई समस्या संज्ञान में आती है तो उसका तत्काल निस्तारण कराया जाय। डीएम ने बताया कि आसन्न त्यौहारों के मद्देनज़र स्थापित होने वाले कन्ट्रोल रूम में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगायी जायेगी ताकि प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी ढंग से समाधान कराया जा सके। प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों व नावों की व्यवस्था रहेगी। डीएम श्री पाण्डेय द्वारा दुर्गा पूजा आयोजकों व राम लीला समितियों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि पूर्व की भांति वालेटियर्स नामित कर दें क्योंकि शान्ति व्यवस्था बनाये रखने में स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जा सके। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि मूर्ति पण्डालों में खुले तार न रहने पाये। अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश त्यौहार के दौरान जनपद को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए शासन को पत्र भिजवाया जाय।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों व संभ्रान्तजन से अपील की है कि परम्परागत ढंग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारों को मनायें तथा शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में यदि कहीं से कोई भी सूचना प्राप्त हो तो उसे तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें। साथ ही किसी प्रकार की भ्रामक सूचना, फोटो एवं वीडियों को न तो लाईक करें और न ही शेयर करें। बल्कि उसे अपने फोन से डिलिट कर दें। इससे पूर्व बैठक के दौरान दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारीगण सुधाकर मिश्र, कन्हैया सोनी, परशुराम कुशवाहा, हरीश चन्द्र गुप्ता, तेजे खॉ, रामजी शुक्ल, बैजनाथ सोनी, निशा शर्मा, कल्बे अब्बास सहित अन्य सभ्रान्तजनों द्वारा साफ-सफाई, बिजली पानी, सड़कों एवं मार्गों की मरम्मत इत्यादि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, ग्रामीण दुर्गा प्रसाद, ईओ प्रमिता सिंह, अधि.अधि. लो.नि.वि. सहित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी व अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारी व पीस कमेटी के सदस्यगण मौजूद रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः