बस्ती। परसरामपुर थाना क्षेत्र के मुनियावां खुर्द निवासी 60 वर्षीय एक बुजुर्ग ने तीन लोगों पर तहसील कर्मियों की सांठगांठ से उसके जिन्दा रहते लापता दिखाकर कूटरचित फर्जी दस्तावेज के आधार पर उसकी गाटा संख्या 163 के 1/3 हिस्सा का बैनामा करा लेने का आरोप लगाया है। हर्रैया पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि मुनियावां खुर्द निवासी कार्तिक मणि तिवारी, उसकी पत्नी रीता त्रिपाठी, सुरेश सिंह और दस्तावेज लेखक वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने मिलकर कूटरचित, फर्जी दस्तावेज के आधार पर उसकी जमीन का उप निबन्धक कार्यालय हर्रैया में धोखाधड़ी से बैनामा करा लिया। इस बात की जानकारी होने पर जब उसने आरोपियों से पूछा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। 6 अगस्त 2013 से 27 जनवरी 2023 के बीच हुई धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।