कानपुर। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट शहरी (सीएम ग्रिड) योजना के तहत पहले चरण में पांच की जगह अब 130 करोड़ रुपये से चार सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें पांच साल तक रखरखाव की भी धनराशि शामिल है। नगर निगम ने सड़क निर्माण के लिए टेंडर करा दिए है। आठ अगस्त से टेंडर खोले जाएगे। सितंबर से कार्य शुरू कराया जाएगा।
चार सड़कों के निर्माण में आड़े आने वाले 645 अतिक्रमणकारी चिह्नित किए गए हैं। इनको नगर निगम ने नोटिस दी है। साथ ही लाल निशान लगाया जा रहा है। अगले माह से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। घंटाघर से परेड होते हुए ग्रीनपार्क तक की सड़क को फिलहाल इस योजना से हटा दिया गया है।
निर्माण एजेंसी अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी ने पिछले दिनों नगर निगम को पत्र लिखकर कार्य शुरू करने से पहले अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र लिखा था। सीएम ग्रिड योजना के नोडल अधिकारी दिवाकर भास्कर ने बताया कि सड़कों के निर्माण से पहले अतिक्रमण हटाया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण में आड़े आ रहे सभी अतिक्रमण को हटाया जाएगा।