डबल मर्डर से सनसनी

लखनऊ – लखनऊ में इंदिरानगर के तकरोही सेक्टर-बी जय नगर में पारिवारिक विवाद में 17 वर्षीय किशोर ने मंगलवार रात 61 वर्षीय मामा राजेंद्र सिंह और मामी सरोज सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी। गोली लगने से राजेंद्र सिंह का बेटा सरवन भी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपित किशोर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

दोहरे हत्याकांड की सूचना से सनसनी फैल गई। पुलिस उपायुक्त उत्तरी अभिजीत आर शंकर, एसीपी गाजीपुर विकास जायसवाल और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए। राजेंद्र सिंह गन्ना विभाग से सेवानिवृत्त थे। मकान में राजेंद्र सिंह के परिवार के अलावा उनके भाई राजकरन, जयकरन, जगतपाल और बहन पुष्पादेवी भी रहती हैं।

तमंचे से चलाई ताबड़तोड़ गोलियां

पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र सिंह शराब पीने के आदी हैं। नशे में उनका अक्‍सर बहन के परिवार से झगड़ा होता रहता है। मंगलवार रात भी बहन से उनका विवाद हो गया। विवाद के दौरान गाली-गलौज होने लगी। इस बीच भांजा तमंचा लेकर निकला। उसने ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई। राजेंद्र सिंह के सीने पर गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर पत्नी सरोज और बेटा सरवन बचाव में दौड़ा तो उन्हें भी गोली लगी। घटना के बाद भांजा फरार हो गया।

परिवारीजन पड़ोसियों की मदद से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र और उनकी पत्नी सरोज को मृत घोषित कर दिया। सरवन के हाथ में गोली लगी थी। उसकी हालत नाजुक देख भर्ती कर लिया। पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने बताया कि आरोपित नाबालिग है। उसकी तलाश की जा रही है। वह तमंचा कहां से लाया? कब लाया? यह उसकी मां और घरवाले नहीं बता पा रहे हैं। उसके पकड़े जाने पर ही घटना से अन्य बिंदुओं के बारे में जानकारी हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *