केवल 12 दिन में टूट गया दिल्ली में सबसे गर्म दिन का रिकॉर्ड,

नईदिल्ली,29 मई दिल्ली में मंगलवार को पारा 49.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो अब तक का सबसे अधिक दर्ज किया गया तापमान है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों, जैसे मुंगेशपुर और नरेला में तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। नजफगढ़ में भी 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली के सफदरजंग में तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। गौर करने वाली बात ये है कि पिछले 100 सालों में दिल्ली में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया तापमान 49.2 डिग्री सेल्सियस था, जिसे 15-16 मई 2022 को रिकॉर्ड किया गया था।
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लू लगने और हीटस्ट्रोक होने की बहुत अधिक संभावना को दर्शाता है।
स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने भीषण गर्मी के पीछे का कारण बताते हुए कहा, खुले खेतों वाले इलाकों में विकिरण (रेडिएशन) बढ़ जाता है। सीधी धूप और छाया की कमी इन क्षेत्रों को अत्यधिक गर्म बना देती है। उन्होंने आगे कहा, जब हवा पश्चिम से चलती है, तो यह सबसे पहले इन क्षेत्रों को प्रभावित करती है। चूंकि ये बाहरी इलाके होते हैं, इसलिए तापमान तेजी से बढ़ता है।
हालांकि थोड़ी राहत की उम्मीद भी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *