राजेश महाराज के नेतृत्व में अयोध्या के तीर्थ पुरोहितों व धर्माचार्यों का दुर्गा पंडालों में हुआ भव्य स्वागत और अभिनंदन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या।शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर धर्मनगरी अयोध्या में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अयोध्या के पुरोहित समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न स्थानों पर सजे भव्य दुर्गा पंडालों का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में तीर्थ पुरोहित समाज के अध्यक्ष दुर्गेश पांडे और लड्डू गोपाल धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप महाराज भी प्रमुख रूप से शामिल रहे। नवरात्रि के इन दिनों में अयोध्या के विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों और आयोजकों की ओर से इन तीनों प्रमुख धर्माचार्यों और संतों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पंडालों में पहुंचते ही आयोजकों और स्थानीय भक्तों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया।
इस दौरान राजेश महाराज, दुर्गेश पांडे और प्रदीप महाराज ने जगह-जगह स्थापित माँ दुर्गा की अलौकिक प्रतिमाओं के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जगत जननी माँ नवदुर्गा से अयोध्या सहित पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। माता का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद, पंडाल समितियों द्वारा अंगवस्त्र, पुष्पमाला और प्रतीक चिह्न भेंट कर इन तीनों महानुभावों का जोरदार सम्मान किया गया।
स्वागत से अभिभूत होकर राजेश महाराज ने कहा कि अयोध्या की यह पावन भूमि सनातन संस्कृति, भक्ति और आत्मीयता का केंद्र है। नवरात्रि के इन पावन दिनों में माँ दुर्गा के पंडालों में जिस प्रकार से युवा पीढ़ियों और समितियों द्वारा बढ़-चढ़कर धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, वह हमारी सनातन परंपरा की जीवंतता को दर्शाता है। उन्होंने सभी आयोजकों और नगरवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस धार्मिक यात्रा और जन-संपर्क से पूरे अयोध्या क्षेत्र के दुर्गा पंडालों में हर्षोल्लास का वातावरण और अधिक बढ़ गया।