महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम सुनील कंडलनूर
पवित्र नगरी अयोध्या धाम में नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर रामनगरी के प्रसिद्ध रामायण वैक्स म्यूजियम में एक भव्य और सांस्कृतिक आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर सांस्कृतिक भजन संध्या और वीआईपी (VIPs) डांडिया नाइट्स का शानदार आयोजन हुआ, जिसने यहाँ आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
म्यूजियम के संस्थापक सुनील कंडलनूर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक और सांस्कृतिक उल्लास से सजी इस डांडिया नाइट को अयोध्या के सबसे शानदार आयोजनों में से एक माना जा रहा है, जहाँ भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र अयोध्या का यह रामायण वैक्स म्यूजियम देश-विदेश के पर्यटकों के बीच पहले से ही बेहद लोकप्रिय है। इस म्यूजियम में रामायण काल से जुड़ी 80 से अधिक जीवंत वैक्स (मोम) की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो त्रेतायुग के प्रसंगों को जीवंत करती हैं। यहाँ की भव्यता और ऐतिहासिक महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रति माह 25 हजार से अधिक भक्त और पर्यटक इन अलौकिक प्रतिमाओं के दर्शन करने पहुँचते हैं।
नवरात्र के इस विशेष पर्व पर हुए सांस्कृतिक आयोजनों ने अयोध्या की धार्मिक यात्रा को और भी अधिक आनंदमय और स्मरणीय बना दिया है।